सशक्त मीडिया ही बेहतर विश्व के निर्माण का आधार : जयंती दीदी
आबू रोड, 9 सितंबर। ब्रह्माकुमारी संस्था के मीडिया एवं जनसंपर्क प्रभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन-2026 के अंतर्गत बुधवार को मानसरोवर, आबू रोड स्थित दिव्य शक्ति अनुभूति हॉल में स्वागत सत्र आयोजित किया गया। 9 से 13 सितंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन की थीम ‘श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया’ रखी गई है। स्वागत सत्र में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया और नेपाल सहित देश-विदेश से पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि सहभागी हुए।
स्वागत सत्र में ब्रह्माकुमारी संस्था की संयुक्त प्रशासिका राजयोगिनी बी.के. जयंती दीदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभकामना संदेश देते हुए कहा कि भौतिक साधन-सामग्री से मिलने वाला सशक्तिकरण अलग है, जबकि यहां आध्यात्मिक सशक्तिकरण की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि हम जब आत्मिक स्वरूप में स्थित रहते हैं तो हमारे अंदर सभी मूल्य जागृत रहते हैं। ‘मैं आत्मा हूं’ इस चेतना को जीवन में धारण करके चलेंगे तो बेहतर विश्व का निर्माण बहुत जल्दी संभव हो सकता है।
पुनीत इस्सर ने गीतों से बांधा समां
ब्रह्माकुमारी संस्था के लिए 200 से अधिक गीत गा चुके बी.के. पुनीत ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उनकी गीत प्रस्तुति से कार्यक्रम स्थल पर आध्यात्मिक एवं आनंदमय वातावरण निर्मित हुआ।
ओम शांति मीडिया के संपादक डॉ. बी.के. गंगाधर ने स्वागत संबोधन में कहा कि आज मीडिया केवल समाचार देने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज की सोच, दृष्टिकोण और दिशा को प्रभावित करने वाली एक शक्तिशाली व्यवस्था है। मीडिया के पास समाज को जोड़ने, जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत करने की शक्ति है।
उन्होंने कहा कि मीडिया को केवल यह बताने तक सीमित नहीं रहना चाहिए कि ‘क्या हुआ’, बल्कि सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ यह भी सामने लाना चाहिए कि ‘क्या अच्छा हो सकता है।’ समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश पहुंचाकर मीडिया बेहतर दुनिया के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
स्वागत नृत्य ने मोहा मन
आगरा से आईं श्वेता सागर ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात शिवशक्ति संस्कृत अकादमी, बेंगलुरु के कलाकारों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, जिससे कार्यक्रम स्थल भक्तिमय वातावरण से भर गया।
समाचार के साथ समाधान की दिशा दिखाना भी जरूरी : पुष्पा दीदी
राजयोगिनी बी.के. पुष्पा दीदी ने पत्रकारिता से जुड़े एक अनुभव को साझा करते हुए बताया कि राजयोग के अभ्यास से उनके कार्यव्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आया। उन्होंने कहा कि पत्रकार को समाचार के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है। एक बार एक बुजुर्ग महिला से मुलाकात के दौरान उसकी पीड़ा और जीवन के संघर्ष को सुनकर यह अनुभव हुआ कि किसी घटना का केवल समाचार या वार्तांकन करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस समस्या के समाधान की दिशा तलाशना भी आवश्यक है।
परमात्मा को श्रेष्ठ दुनिया बनाने में पत्रकारों की मदद चाहिए : सरला दीदी
मीडिया विंग की उपाध्यक्षा बी.के. सरला दीदी ने सम्मेलन के उद्देश्य और विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परमात्मा को एक सुनहरी दुनिया बनाने के लिए पत्रकारों की मदद चाहिए। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्था के 25 सेवा प्रभागों में से मीडिया विंग की स्थापना वर्ष 1980 में वरिष्ठ प्रवक्ता जगदीश भाई जी द्वारा की गई थी। वर्ष 2001 से अब तक मीडिया विंग ने व्यापक स्तर पर उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया की परिस्थितियों को देखते हुए ‘श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया’ विषय को सम्मेलन की थीम बनाया गया है। उन्होंने पत्रकारों को इस श्रेष्ठ कार्य में परमात्मा के सहयोगी और निमित्त बनने का आह्वान किया।
देश-विदेश से आए पत्रकारों ने बढ़ाई सम्मेलन की गरिमा : शांतनु भाई
मीडिया एवं जनसंपर्क विंग के राष्ट्रीय समन्वयक बी.के. शांतनु भाई ने कहा कि इतने अधिक पत्रकारों की सहभागिता से हॉल छोटा पड़ गया है। फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल सहित विभिन्न देशों से पत्रकार यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश के मीडिया जगत के लिए एक विशेष अवसर है, जहां इतनी बड़ी संख्या में पत्रकार एक साथ एकत्रित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आज यहां केवल खबरें बनाने के लिए नहीं, बल्कि अच्छी यादें और सकारात्मक अनुभव लेकर जाने के लिए पत्रकार एकत्रित हुए हैं। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था का संक्षिप्त परिचय भी दिया। उन्होंने कहा, “आपका समय हमारे लिए सम्मान है, आपकी उपस्थिति हमारे लिए खुशी है और आपके विचार हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।”
महाराष्ट्र के पत्रकारों ने लगाए जयघोष
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों का परिचय कराया गया। इनमें महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में पत्रकार सहभागी हुए। महाराष्ट्र के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक ‘जय महाराष्ट्र’ और ‘छत्रपति शिवाजी महाराज की जय’ के जयघोष किए।
राजयोग से कराया आंतरिक शांति का अनुभव
बी.के. शकु दीदी, जो पिछले 58 वर्षों से आध्यात्मिक सेवा में समर्पित हैं तथा घाटकोपर केंद्र की प्रभारी हैं, ने कहा कि भारत सहित पूरे विश्व में मानवीय मूल्यों का ह्रास होता जा रहा है। ऐसे समय में जीवन में दिव्य गुणों को धारण करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राजयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पत्रकारों को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया, जिससे सभी ने आंतरिक शांति और आत्मिक शक्ति की अनुभूति की।
सशक्त मीडिया से ही बेहतर विश्व का निर्माण संभव : आत्म प्रकाश भाई
कार्यक्रम के अध्यक्षीय संबोधन में बी.के. आत्म प्रकाश भाई ने कहा कि ब्रह्मा बाबा ने कहा था कि आगे चलकर बहुत से लोग यहां आएंगे। आज देश-विदेश से आए पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों को देखकर उनकी वह बात सच होती दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार अपने अत्यंत व्यस्त समय में से समय निकालकर नए और श्रेष्ठ विश्व के निर्माण के उद्देश्य से यहां आए हैं। वर्तमान समय में दुनिया में दुख, अशांति, संघर्ष और झगड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि सतयुग के श्रेष्ठ संसार में गाय और शेर जैसे प्राकृतिक रूप से विरोधी जीव भी एक साथ पानी पीते थे।
उन्होंने कहा कि आज एक ओर जहां विनाश की तैयारियां हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर नए और शांतिमय विश्व के निर्माण की आवश्यकता भी बढ़ रही है। यदि मीडिया सशक्त होकर सकारात्मक विचारों और मूल्यों को समाज तक पहुंचाए तो निश्चित रूप से बेहतर विश्व का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि सर्वशक्तिमान परमात्मा से संबंध जोड़कर हम अपने अंतर्मन में शांति और शक्ति भर सकते हैं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नाशिक परिसर से भी पत्रकारों की उल्लेखनीय सहभागिता
राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन में साप्ताहिक नाशिक परिसर की ओर से संपादक दिलीप बोरसे, अंकित चावला एवं अशोक सूर्यवंशी उपस्थित रहे। महाराष्ट्र स्टेट कोऑर्डिनेटर बी.के. डॉ. सोमनाथ भाई के मार्गदर्शन में नाशिक से अनेक पत्रकार एवं मीडिया कर्मियों ने सम्मेलन में सहभागिता की।
इस अवसर पर निवृत्त जिला माहिती अधिकारी विजय पवार, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप जोशी, बी.के. सोमनाथ म्हस्के, बी.के. गणेश भाई, सकाळ के केशव मते, एग्रो वन के मुकुंद पिंगले, जनशक्ति मीडिया के बापुसाहेब सालुंखे सहित नाशिक के अनेक पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। नाशिक परिसर से बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता ने सम्मेलन को विशेष गरिमा प्रदान की।











